सराफा चोरी के नौ महीने बाद भी खुलासा नहीं

सिंगरौली : करथुआ बाजार की सराफा दुकान में हुई लाखों की चोरी को नौ महीने गुजर चुके हैं, लेकिन चितरंगी पुलिस अब तक अज्ञात चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, श्वान दल और फॉरेंसिक टीम की जांच से लेकर तमाम प्रयासों के बावजूद मामला आज भी अनसुलझा है।पीड़ित सराफा कारोबारी सुनील कुमार सोनी का कहना है कि चोरी के बाद से वह पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे अब तक ठोस परिणाम नहीं मिला। पीड़ि़त के अनुसार 16 दिसंबर 2025 की रात करथुआ स्थित सुनील ज्वेलर्स में सेंध लगाकर चोर करीब 37 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये से अधिक नकदी ले गए थे। घटना से पहले छ:-सात युवक हथियारों के साथ कई मोटरसाइकिलों से दुकान के आसपास पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने बच्चों को बहलाकर दुकान और आसपास के इलाके की रेकी की थी। एक बच्चे को संदिग्ध मोटरसाइकिल का नंबर तक याद रह गया था। इसके बावजूद पुलिस इन सुरागों को कितनी गंभीरता से खंगाल पाई, यह सवाल आज भी अनुत्तरित है।
सीएम से लेकर डीजीपी तक फरियाद
नौ महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ि़त का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ने की बात सामने आ रही है। उसने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक रीवा, अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सहित कई अधिकारियों तक शिकायत और गुहार पहुंचाई है। मामले में पुलिस की जांच वास्तव में किस दिशा में आगे बढ़ी, कितने संदिग्धों से पूछतांछ हुई, तकनीकी साक्ष्यों और रेकी से जुड़े सुरागों का क्या हुआ तथा अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी, इन सवालों का स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। चितरंगी पुलिस की जांच पर उठ रहे सवालों के बीच अब पीड़ि़त और क्षेत्र के व्यापारी चोरी के शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं।
सीएम हेल्पलाइन में चार बार शिकायत, परिणाम बे-नतीजा
सबसे गंभीर सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है। पीड़ि़त के मुताबिक जिस दुकान को निशाना बनाया गया, उसके महज कुछ मीटर दूर रात में पुलिस डायल-112 के रुकने का स्थान था। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर दुकान में घुसे और जेवरात समेटकर निकल गए। घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। पीड़ित का आरोप है कि उसने सीएम हेल्पलाइन 181 पर करीब चार बार शिकायत की, लेकिन हर बार उसे कार्रवाई का भरोसा देकर शिकायत बंद करा दी गई। उसका कहना है कि पुलिस चार दिन का समय मांगती रही, मगर वह समय बीतने के बाद भी चोरी का खुलासा नहीं हुआ। जबकि उक्त घटना की जांच तत्कालीन एसडीओपी चितरंगी राहुल कुमार सैयाम कर रहे थे। चोरी की जांच कहां तक पहुंची, पुलिस बताने को तैयार नही है या फिर पुलिस इस घटना की जांच को ठंडेबस्ते में डाल दे रही है।
इनका कहना:-
करथुआ बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में चोरी हुई है। अभी तक कोई पता नही चल पाया है। पतासाजी जारी है।
सुधेश तिवारी
थाना प्रभारी,निरीक्षक,चितरंगी

Next Post

शिविर में 42 लोक सेवकों ने रखीं सेवा संबंधी समस्याएं

Mon Sep 28 , 2026
सिंगरौली : लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देश पर आज रविवार को कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी के सभागार में जिला स्तरीय समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।शिविर का आयोजन डीईओ कविता त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अनुकंपा नियुक्ति संबंधी प्रकरणों के निराकरण के लिए रीवा […]

You May Like