शिविर में 42 लोक सेवकों ने रखीं सेवा संबंधी समस्याएं

सिंगरौली : लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देश पर आज रविवार को कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी के सभागार में जिला स्तरीय समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।शिविर का आयोजन डीईओ कविता त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अनुकंपा नियुक्ति संबंधी प्रकरणों के निराकरण के लिए रीवा में थीं, लेकिन कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली लौटकर शिविर में उपस्थित हुईं। उनकी अनुपस्थिति में शिविर का संचालन प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने किया। शिविर में शिक्षा विभाग के लोक सेवकों, विशेषकर शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संबंधित सेवा मामलों की सुनवाई की गई। विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों ने अपने-अपने अनुभाग से संबंधित प्रकरणों की जांच करते हुए आवेदकों की समस्याएं सुनीं।
प्रभारी डीईओ ने प्राप्त प्रकरणों का किया परीक्षण
शिविर में कुल 42 लोक सेवकों के आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेंशन प्रकरण, लंबित वेतन, क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान, अवकाश, विभागीय जांच, निलंबन तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याएं शामिल रहीं। जिला स्तर पर निराकरण योग्य प्रकरणों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई, जबकि जिन मामलों में संभाग अथवा राज्य स्तर से निर्णय आवश्यक है, उन्हें संबंधित वरिष्ठ कार्यालय को भेजने के लिए पृथक सूचीबद्ध किया गया। डीईओ ने प्राप्त प्रकरणों का परीक्षण कर पात्र एवं जिला स्तर पर निराकरण योग्य मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। विभाग की ओर से बताया गया कि शिविर का उद्देश्य लोक सेवकों की सेवा संबंधी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण करना है। उच्च स्तर से अनुमति अथवा कार्रवाई की आवश्यकता वाले मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे भेजा जा रहा है।

Next Post

शातिर साइबर ठगों ने उड़ाए 3.5 लाख

Mon Sep 28 , 2026
जबलपुर: साइबर ठग हर दिन नए नए पैंतरे आजमा कर खातों को खाली कर रहे हैं। अब लोगों के बैंक खातों के साथ-साथ उनके मोबाइल फोन भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। शहर के अधारताल, विजयनगर, गढ़ा और घमापुर थाना क्षेत्रों में ऑनलाइन धोखाधड़ी के 6 मामले सामने आए हैं। […]

You May Like