
भोपाल। इनकम टैक्स विभाग के अफसर के साथ साइबर जालसाजों ने करीब 44 हजार रुपए की ठगी कर दी. एमपी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. जानकारी के मुताबिक अरेरा हिल्स एमपी नगर स्थित इनकम टैक्स कार्यालय में 36 वर्षीय अधिकारी नितिन जाटव अवधपुरी में रहते हैं. जाटव एक बैंक का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते है.
तीन दिन पहले उनके पास एक अंजान नंबर से फोन आया. कालर ने बताया कि वह बैंक कर्मचारी है. अधिकारी जाटव से कालर ने पूछा कि क्या वह अपने क्रेडिट कार्ड की लिमिट 80 हजार से बढ़ाकर एक लाख 60 हजार रुपए करना चाहते हैं. जाटव ने हामी भरी तो उनसे एक ऐप डाउनलोड करने और पूरी जानकारी भराने के बाद कालर ने ई कामर्स की लिमिट शून्य से 80 हजार करने को कहा. इस दौरान उन्होंने एक ओटीपी भी कालर से साझा किया. इसके बाद उनके खाते से 43 हजार 800 रुपए कट गए. ठगी का एहसास होने पर अधिकारी ने मामले की शिकायत पुलिस में की.
