सतना: जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र से एक बड़ा और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां बच्चों से भरी एक स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। घटना के वक्त वैन में करीब 20 बच्चे सवार थे, जबकि जानकारी के मुताबिक इस वैन की वास्तविक बैठक क्षमता महज 15 सीटों की ही बताई जा रही है। यानी तय सीमा से कहीं ज्यादा बच्चों को ठूंस-ठूंसकर वैन में बिठाया गया था, जो इस हादसे की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
वैन के पलटते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए हैं, जिनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल बच्चों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। वहीं यह हादसा एक बार फिर स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ओवरलोडिंग जैसे गंभीर मुद्दों की ओर ध्यान खींचता है, जिस पर प्रशासन और अभिभावकों दोनों को सतर्क होने की जरूरत है।
