
सिंगरौली । जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई घटना में घायल राहुल विश्वकर्मा के जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में उपचाररत होने की जानकारी मिलने पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह आज शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे। उन्होंने राहुल विश्वकर्मा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से भी उपचार की स्थिति के संबंध में चर्चा की।
विधायक ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों से राहुल के स्वास्थ्य और चल रहे उपचार की जानकारी लेते हुए आवश्यक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायल को उपचार में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा चिकित्सकीय निगरानी में समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान विधायक ने ट्रॉमा सेंटर में उपचाररत अन्य मरीजों से भी उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि राहुल विश्वकर्मा सहित अस्पताल में भर्ती सभी मरीज जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटें। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय भी मौजूद रहे।
