मुख्यमंत्री जनविश्वाश अभियान के तहत प्रमुख सचिव ने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र मोरका का किया निरीक्षण

नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जावद विकासखंड के ग्राम मोरका स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग श्री विवेक कुमार पोरवाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के पोषण, पूर्व प्राथमिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं और संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।

प्रमुख सचिव एवं कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, पोषण माह की गतिविधियों, नाश्ता वितरण तथा खेल-खेल में शिक्षा की गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर उनके अक्षर ज्ञान एवं गिनती की जानकारी भी ली।

आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के सीखने के लिए दीवारों पर आकर्षक चित्रांकन, अक्षर एवं गिनती प्रदर्शित करने के साथ शैक्षणिक सामग्री और टीवी की व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध है। अधिकारियों ने इन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान बच्चों को वितरित किए जा रहे नाश्ते (दलिया) की गुणवत्ता देखी गई। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण नाश्ता एवं गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार पोषण आहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पोषण के साथ सीखने का अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता, सीडीपीओ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Next Post

गणपति विसर्जन से पहले सड़कों की पोल खुली, इंदौर रोड से तीन पुलिया तक डामर गायब

Fri Sep 18 , 2026
खंडवा। शहर में गणेश उत्सव की धूम चरम पर है, लेकिन अनंत चतुर्दशी पर होने वाले विसर्जन से पहले सड़कों की बदहाली ने चिंता बढ़ा दी है। 25 सितंबर से गणपति बप्पा की विदाई शुरू होगी और शहर-ग्रामीण से करीब 5000 से ज्यादा छोटी-बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। लेकिन […]

You May Like