
सीधी। जिले के ग्राम बगैहा में सड़क बनाने की मांग को लेकर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर लीला साहू और ग्रामीणों ने एक बार फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर सोमवार 14 सितंबर से दोपहर 12 बजे धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। बताया गया कि करीब 10.30 किलोमीटर लंबा यह रास्ता लंबे समय से बनने का इंतजार कर रहा है। खास बात यह है कि इस सड़क के दोनों तरफ सड़कें बनी हुई हैं, लेकिन बीच में आने वाले करीब 7 से 8 गांवों में आज भी सड़क सुविधा नहीं है। यह रास्ता चुरहट विधानसभा और धौहनी विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाला जरूरी संपर्क मार्ग भी माना जाता है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में बहुत परेशानी होती है।
दो सालों से कर रहे संपर्क-
लीला साहू का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर वह पिछले करीब दो सालों से लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के सामने भी वह अपनी मांग रख चुकी हैं। कई बार ज्ञापन दिए गए और आश्वासन भी मिले, लेकिन सड़क नहीं बन पाई।
सांसद ने की कही थी स्वीकृति-
लीला साहू ने बताया कि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की ओर से सड़क स्वीकृत होने की बात भी कही गई थी। इसके बावजूद करीब दो साल गुजर जाने के बाद भी सड़क की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। उनका कहना है कि ग्रामीणों ने लगातार दो बरसात किसी तरह निकाल लीं, लेकिन अब हालात और मुश्किल हो गए हैं। बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि ग्रामीणों का यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि अब केवल आवेदन और आश्वासन से काम नहीं चलेगा। इसी वजह से ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क के पास धरना शुरू किया गया है और जब तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो जाती, आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।
ओ मोदी जी… रोड बनवाई देई’ वीडियो से देशभर में चर्चा में आई थीं लीला साहू-
लीला साहू सीधी जिले के खड्डी खुर्द क्षेत्र के बगैहा टोला की रहने वाली बघेली सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हैं। वर्ष 2024 में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने बघेली अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने गांव की खराब सड़क बनवाने की अपील की उनका चर्चित संवाद ‘ओ मोदी जी, एमपी से 29 की 29 सीट जीते हैं, हमरे ईहन की रोड ते बनवाई देई…’ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और इसके बाद लीला साहू की पहचान एक ऐसी महिला के रूप में बनी, जो अपने गांव की सड़क के लिए लगातार आवाज उठा रही हैं।
