
इंदौर. पुरानी रीगल टॉकीज के पास पैदल जा रहे युवक से मोबाइल झपटकर भागे बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए. तुकोगंज पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटर बरामद किया है.
29 अगस्त की रात करीब 8.15 से 8.30 बजे के बीच कुशलराज जायसवाल पुरानी रीगल टॉकीज के पास पैदल जा रहे थे. इसी दौरान बिना नंबर की नीले रंग की सुजुकी एक्सेस पर आए दो बदमाश झपट्टा मारकर उनका सैमसंग ए-17 मोबाइल ले गए. वारदात के बाद दोनों हाईकोर्ट की ओर भाग निकले थे। मोबाइल की कीमत करीब 16 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर साजिद उर्फ मुरली नागोरी उम्र 28 साल और इमरान उर्फ बिंदु अब्बासी उम्र 28 साल, दोनों निवासी गीता नगर, चंदन नगर, को पकड़ा. पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल की, उनके कब्जे से मोबाइल के साथ नीले रंग की सुजुकी एक्सेस भी बरामद हुई है. मामले में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने नव भारत को बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि दोनों ने इससे पहले भी मोबाइल झपटमारी की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है. आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
