
जबलपुर/गाडरवारा। शुक्रवार सुबह करीब 11.05 बजे रेलवे में खतरे का सायरन रुक-रुककर तीन बार बजने से रेलवे स्टाफ के साथ आम लोगों में भी हड़कंप मच गया। अचानक सायरन बजने के बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय हो गए तथा एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) की ओर जाते नजर आए।
जानकारी के अनुसार गाडरवारा के समीप नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (एनटीपीसी) की साइडिंग में रेल दुर्घटना की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हलचल बढ़ गई और राहत एवं बचाव से संबंधित अमला सक्रिय हुआ।
रेलवे के खतरे का सायरन लगातार तीन बार रुक-रुककर बजने से आसपास के लोगों में भी किसी बड़ी रेल दुर्घटना की आशंका को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि घटना मेन रेल लाइन पर नहीं हुई है, जिससे मुख्य रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ।
इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि गाडरवारा में एनटीपीसी की साइडिंग में घटना घटित हुई है। इसका मेन लाइन पर कोई प्रभाव नहीं है।
