
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में शराब बिक्री को लेकर शुरू हुआ विरोध खत्म होता नजर नहीं आ रहा है। लगातार तीसरे दिन शिवपुरी जिले में शराब दुकानों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। शराब दुकानों में तोड़फोड़ कर रहे लोगों को रोकने के लिए पुलिस और आबकारी टीम पहुंची तो मौके पर हंगामा हो गया और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस के लाठी चलाते ही भीड़ भड़क गई और पुलिसकर्मियों व आबकारी विभाग को खदेड़ दिया, किसी तरह पुलिसकर्मियों और आबकारी टीम ने मौके से भागकर अपने आप को बचाया।
शिवपुरी जिले के अमोला और भौंती क्षेत्र में महिलाओं ने शराब बिक्री के विरोध में जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में लोग दोनों ही स्थानों पर स्थित शराब दुकानों पर पहुंचे और शराब दुकान में तोड़फोड़ करते हुए शराब की पेटियां निकालकर बाहर फेंक दीं। शराब दुकान पर हो रहे हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने तोड़फोड़ कर रहे लोगों पर हल्का बल प्रयोग किया जिससे बात बिगड़ गई।
*भीड़ ने पुलिसकर्मियों और आबकारी टीम को खदेड़ा*
पुलिस के द्वारा बल प्रयोग करने से भीड़ भड़क गई और पुलिसकर्मियों व आबकारी विभाग की टीम को खदेड़ दिया। इस दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसके कारण पुलिसकर्मियों और आबकारी टीम को अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। बता दें कि शिवपुरी में इन दो घटनाओं को मिलाकर 5-6 स्थानों पर शराब दुकानों में तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं को लेकर शराब ठेकेदार एकजुट होकर आबकारी विभाग पर पहुंचे और लाइसेंस सरेंडर करने की बात कही और तीन दिन में शराब दुकानों पर जो घटनाएं हुई हैं, उन मामलों में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
