
मंदसौर। सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय मंदसौर में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने अत्याधुनिक माइक्रोबायोलॉजी व हिस्टोपैथोलॉजी लैब का शुभारंभ किया। अस्पताल परिसर में बहुप्रतीक्षित माइक्रोबायोलॉजी एवं हिस्टोपैथोलॉजी सर्विस प्रयोगशाला की शुरुआत की गई।
नई सुविधा के शुरू होने से जिले व आसपास के मरीजों को गंभीर बीमारियों की सटीक जांच के लिए अब बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि संक्रमण नियंत्रण व सटीक एंटीबायोटिक: माइक्रोबायोलॉजी लैब की मदद से मरीजों व अस्पताल में संक्रमण फैलाने वाले सूक्ष्म रोगाणुओं की पहचान होगी। इससे मरीज के शरीर पर असरदार एंटीबायोटिक का चुनाव संभव होगा, जिससे संक्रमण नियंत्रण में मदद मिलेगी।
टिश्यू की सूक्ष्म जांच: हिस्टोपैथोलॉजी सेवा के तहत प्रभावित टिश्यूज (ऊतकों) की गहन बायोप्सी व सूक्ष्म जांच कर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का सही व सटीक निदान प्राथमिक स्तर पर ही हो सकेगा।
त्वरित उपचार योजना: सटीक जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने से चिकित्सकों को मरीजों के लिए तुरंत प्रभावी उपचार योजना तैयार करने में आसानी होगी।
इस अवसर पर सुंदरलाल पटवा गवर्मेंट मेडिकल कालेज की अधिष्ठाता (डीन) डॉ. शशि गांधी, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. बी. एल. रावत उपस्थित रहे। आयोजन में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सौरभ जैन, पैथोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हर्षुल पाटीदार सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, सीनियर रेजिडेंट्स एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
