सिडनी, 24 जनवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों ने थाईलैंड से 42 किलोग्राम अवैध ड्रग्स की तस्करी के प्रयास के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस (एएफपी) और ऑस्ट्रेलियाई सीमा बल ने शनिवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि शुक्रवार को थाईलैंड से आ रही उड़ान से सिडनी हवाई अड्डे पर पहुंचते ही अधिकारियों ने तीन लोगों को रोक लिया।
बाद में उनके सामान की तलाशी में कथित तौर पर अलग-अलग पैकेट में लिपटी हुई सफेद रंग की ईंटें मिलीं, जिनकी जांच में मेथम्फेटामाइन और हेरोइन की पुष्टि हुई। एएफपी अधिकारियों ने 34 किलोग्राम हेरोइन और आठ किलोग्राम मेथम्फेटामाइन जब्त की और दक्षिण-पूर्वी मेलबर्न के रहने वाले तीनों 22 वर्षीय लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उन पर सीमा-नियंत्रित ड्रग्स की व्यावसायिक मात्रा में आयात करने और सीमा-नियंत्रित ड्रग्स की व्यावसायिक मात्रा रखने का एक-एक आरोप लगाया गया है।
दोनों अपराधों के लिए अधिकतम आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गयी हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग एक करोड़ 70 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर है और मेथम्फेटामाइन की कीमत 70 लाख 40 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर है।
