
इंदौर. रावजी बाजार थाना क्षेत्र के कटकटपुरा ब्रिज पर प्रतिबंधित पक्के मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया. अचानक सामने आए धारदार धागे से उसकी नाक, बाईं आंख के पास और हाथ की अंगुली कट गई. घटना में घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात पतंगबाज के खिलाफ केस दर्ज किया है.
राधाकृष्ण नगर, चितावद निवासी राहुल जमरा शाम करीब 6 बजे बाइक से कटकटपुरा ब्रिज से गुजर रहे थे. इसी दौरान सामने से आया पतंग का पक्का धागा उनके चेहरे और हाथ में उलझ गया. धागे की धार से नाक, बाईं आंख के पास और बाएं हाथ की अंगुली में कट लग गया. चोट लगने से खून निकलने लगा. राहुल की शिकायत पर रावजी बाजार पुलिस ने अज्ञात पतंगबाज के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक कृत्य करने की धारा में प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ब्रिज और आसपास के क्षेत्र में पतंग उड़ाने वाले तथा प्रतिबंधित मांझे का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है.
