
इंदौर. राहुल गांधी के 19 सितंबर को छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए स्थानीय कांग्रेस नेताओं का एकमात्र कार्य पंजीयन करने का है. बताया जा रहा है कि राहुल के कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा छात्र शामिल हो सकते हैं. यह बात अलग है कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए पंजीयन का आंकड़ा 1 लाख पार हो गया है.
बुधवार को राऊ विधानसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रभारी हरीश चौधरी ने ब्लॉक एवं वार्ड अध्यक्षों की बैठक ली. बैठक में सभी को एक सूत्रीय काम सौंपा गया है कि छात्रों का ज्यादा से ज्यादा पंजीयन होना चाहिए. आज राऊ विधानसभा की बैठक के विषय में जीतू पटवारी ने कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में सबसे ज्यादा भीड़ इंदौर में छात्रों की होनी चाहिए. इसके लिए सभी नेता और कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्र में जाकर बारकोड से छात्रों के पंजीयन में मदद करें.
रीजनल पार्क मैदान तय, अनुमति दे या नहीं देः चौकसे
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया है कि कार्यक्रम अब रीजनल पार्क मैदान पर ही होगा. प्रशासन अनुमति दे या अनुमति नहीं दे. कांग्रेस ने उक्त मैदान पर कार्यक्रम करने का तय कर लिया है.
जगह नहीं दी, तो सड़क पर होगा कार्यक्रमः पटवारी
राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए सरकार ओर प्रशासन द्वारा जगह नहीं देने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चेतावनी दी. पटवारी ने कहा कि यदि कार्यक्रम के लिए जगह नहीं दी, तो कार्यक्रम सड़क पर होगा. छात्रों के आक्रोश की चुनौती का सामना करना पड़ेगा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज राऊ विधानसभा में प्रभारी हरीश चौधरी और स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ ब्लॉक एवं वार्ड अध्यक्षों की बैठक ले रहे थे। इस दौरान कार्यक्रम के लिए जगह नहीं देने को लेकर मीडिया ने सवाल किया. सवाल का जवाब देते हुए पटवारी ने चेतावनी दी कि भाजपा सरकार और प्रशासन सुन लें, यदि राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए जगह नहीं दी, तो कार्यक्रम सड़क पर होगा. किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा.
