विंडहोक, (वार्ता) उस्मान सदात (88) और कप्तान महबूब खान (86) की अर्धशतकीय पारियों के बाद नूरिस्तानी उमरजई (चार विकेट), वहीदुल्लाह जदरान और खतिर स्तानिकजई (तीन-तीन) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने रविवार को अंडर-19 विश्वकप के 11वें मुकाबले में वेस्टइंडीज को 138 रनों से शिकस्त दी।
263 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज अफगानिस्तानी गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके और उनकी पूरी टीम 33.2 ओवर में 124 के स्कोर पर ढेर हाे गई। वेस्टइंडीज के लिए ज्वेल एंड्रयू ने 70 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए 57 रनों की पारी खेली। इसके अलावा जकीम पोलार्ड 11 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज के शेष नौ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
अफगानिस्तान के लिए नूरिस्तानी उमरजई (चार विकेट), वहीदुल्लाह जदरान और खतिर स्तानिकजई ने तीन-तीन विकेट लिये।
इससे पहले आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। खालिद अहमदजई और उस्मान सदात की सलामी जोड़ी ने अफगानिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़े। 18वें ओवर में विटेल लॉज ने खालिद अहमजई को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। खालिद अहमजई ने 45 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 88 रनों की पारी खेली।
फैसल शिनोजाद (4) ओर उज़ैरउल्लाह नियाजी 12 रन बनाकर विटेल लॉज की गेंद पर आउट हुये। अजीज़ुल्लाह मिआखिल (21) रन बनाकर आउट हुये। 50वें ओवर की पहली गेंद पर जकीम पोलार्ड ने महबूब खान को आउट किया। महबूब खान ने 69 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 86 रनों की पारी खेली। अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट पर 262 रनों का स्कोर खड़ा किया।
वेस्ट इंडीज के लिए विटेल लॉज और जकीम पोलार्ड ने तीन-तीन विकेट लिये।
