ईटानगर, (वार्ता) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अरुणाचल प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को ईटानगर पहुंचे।
होलोंगी स्थित डोनी पोलो हवाई अड्डे पर अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाईक और मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उपराष्ट्रपति की अगवानी की।
उनके आगमन पर अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने उन्हें औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। उपराष्ट्रपति बाद में लोक भवन पहुंचे, जहां अपनी जीवंत पारंपरिक पोशाक पहने अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न स्वदेशी समुदायों के सदस्यों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।
उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए राज्यपाल परनाईक ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यात्रा से अरुणाचल प्रदेश के लोगों को प्रेरणा मिलेगी और राज्य की विकास आकांक्षाओं के प्रति उनका उत्साह और मजबूत होगा।
उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए लोगों के साथ उपराष्ट्रपति की बातचीत की क्षमता पर जोर दिया। उपराष्ट्रपति के सम्मान में लोक भवन के दरबार हॉल में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘द लैंड ऑफ कल्चर एंड ट्रेडिशंस’ प्रस्तुत किया गया।
इस कार्यक्रम ने संगीत और नृत्य के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक एकता और अरुणाचल प्रदेश की जीवंत विरासत का जश्न मनाया।
राजीव गांधी विश्वविद्यालय के ललित कला और संगीत विभाग के छात्रों ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा पर आधारित दो रचनाएं प्रस्तुत कीं, जो भारत की विविध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के सामंजस्यपूर्ण मिश्रण का प्रतीक हैं।
संगीतमय प्रस्तुति के बाद विवेकानंद केंद्र विद्यालय और जोमू नोरबू ख्रिमे पब्लिक स्कूल, ईटानगर के छात्रों ने शास्त्रीय नृत्य शैलियों भरतनाट्यम और कथक की प्रस्तुतियां दी।
राज्य की स्वदेशी सांस्कृतिक विरासत को ‘रकम पाड़ा’ के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जो अरुणाचल प्रदेश के पसंदीदा पारंपरिक नृत्यों में से एक है। कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भरते हुए कला एवं संस्कृति विभाग की कलाकार मीबी न्योदु तारिंग ने राष्ट्रीय एकता, गौरव और राष्ट्र भक्ति का संदेश देने वाला देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। बाद में शाम को राज्यपाल परनाईक ने लोक भवन के सिद्धार्थ हॉल में उपराष्ट्रपति के सम्मान में राजकीय भोज (स्टेट बैंक्वेट) की मेजबानी की। राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने इस भोज में भाग लिया।
यह अवसर अरुणाचल प्रदेश के विकास, उसकी प्रगति और यहां के लोगों की आकांक्षाओं पर बातचीत व विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम भी बना। उपराष्ट्रपति बुधवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे और राज्य के कई महत्वपूर्ण संस्थानों व सांस्कृतिक स्थलों का दौरा भी करेंगे।
