
नयी दिल्ली, 05 सितम्बर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन रविवार से पूर्वोत्तर के चार राज्यों असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के चार दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करेंगे।
उप राष्ट्रपति रविवार को गुवाहाटी पहुंचेंगे और गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह तथा श्रीमंत शंकरदेव यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। सोमवार को वह गुवाहाटी विश्वविद्यालय में आधारशिला रखने के कार्यक्रम में भाग लेंगे और छात्रों, शिक्षकों तथा प्रमुख नागरिकों से संवाद करेंगे। इसके बाद शिलांग में सार्वजनिक स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
मंगलवार को वह इंफाल में आजाद हिन्द फौज (आईएनए) संग्रहालय एवं युद्ध स्मारक, मोइरांग और सैनिक स्कूल इंफाल का दौरा करेंगे। इसके बाद वह ईटानगर पहुंचेंगे। बुधवार को उप राष्ट्रपति अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होंगे और विधानसभा दीर्घा-सह-संग्रहालय का दौरा करेंगे। वह ईटानगर में न्येदार नामलो, जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और श्रवण एवं दृष्टिबाधित बच्चों के लिए डोनी पोलो मिशन स्कूल भी जाएंगे।
