कलेक्टर से छात्राओं ने की शिकायत, स्कूल-कॉलेज के बाहर होती है छेड़छाड़

इंदौर: कन्या विद्यालय और जीडीसी कॉलेज की छात्राओं ने गुरुवार को कलेक्टर शिवम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर स्कूल-कॉलेज के आसपास बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाओं और सिटी बस पास शुल्क वृद्धि पर चिंता जताई.छात्राओं ने आरोप लगाया कि कलेक्टर कार्यालय से करीब 100 मीटर दूर स्थित शैक्षणिक संस्थानों के बाहर ऑटो चालक, बाइक सवार और असामाजिक तत्व आए दिन अभद्रता करते हैं, जिससे छात्राओं में असुरक्षा का माहौल है. छात्राओं का आरोप है कि ऑटो और बाइक वाले कॉलेज व स्कूल के रास्तों पर उनका पीछा करते हैं, अश्लील कमेंट्स करते हैं, और सार्वजनिक रूप से अभद्र हरकतें करते हैं.

जीडीसी कॉलेज की छात्रा पूजा कुशवाहा ने बताया कि कुछ ऑटो चालक छात्राओं को मोबाइल पर अश्लील तस्वीरें दिखाते हैं, जबकि बाइक सवार तेज रफ्तार में कट मारते हुए निकलते हैं, जिससे कई छात्राएं घायल भी हुई हैं. उन्होंने कहा कि पहले भी शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई के बाद आरोपी जमानत पर छूट गए और छात्राओं को ही गवाही के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़े. वहीं छात्रा दिशा यादव ने सिटी बस पास शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये किए जाने का विरोध करते हुए कहा कि बाहर से पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों पर पहले से ही किराया और शिक्षा का आर्थिक बोझ है. ऐसे में बस पास शुल्क वृद्धि छात्रों के लिए अतिरिक्त परेशानी बन गई है.

संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है. स्कूल-कॉलेजों के आसपास असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए एसडीएम श्रुति अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है. स्कूल प्रबंधन से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर चर्चा की जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया

Next Post

चाइल्ड काउंसलिंग के विशेषज्ञ तैयार करेगा नया पाठ्यक्रम

Fri Jul 17 , 2026
इंदौर: बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में इंदौर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. सावित्रीबाई फूले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान क्षेत्रीय केंद्र इंदौर एवं डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय पुनर्वास परिषद से मान्यता […]

You May Like