होमगार्ड टीम की मोटर बोट पलटी, ऑपरेटर पर नशे में होने का आरोप, क्षमता से अधिक स्टॉफ था सवार

जबलपुर। ग्वारीघाट पर नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग के दौरान एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी में गश्त कर रही होमगार्ड की मोटर बोट अचानक पानी के तेज बहाव के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत यह रही कि सभी लाइफ जैकेट पहने हुए थे। जिसके चलते बोट पर सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित निकल गए। बोट पलटने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके साथ ही आरोप है कि बोट में 6 की क्षमता थी जबकि उसमें 15 से 16 लोग सवार थे। आरोप यह भी है कि ऑपरेटर नशे मेंं था। प्रारंभिक जांच में नाव चालक की लापरवाही सामने आई है।

जानकारी अनुसार बरगी बांध के गेट खुलने और मानसूनी बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव बेहद तेज है। ग्वारीघाट घाट पर आने वाले श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की तरफ न जाएं और किसी दुर्घटना का शिकार न हों, इसी की निगरानी के लिए होमगार्ड की टीम पेट्रोलिंग पर निकली थी। लोगों को गहरे पानी से दूर रहने की हिदायत दे रहे थे। गश्त के दौरान जब बोट नदी के बीच में थी, तभी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पानी के तेज बहाव के थपेड़े से बोट का संतुलन बिगड़ गया। जब तक होमगार्ड का स्टाफ संभल पाता , बोट पानी में पलट गई। बोट पलटते ही हडक़ंप मच गया। राहत की बात यह रही कि पेट्रोलिंग टीम में शामिल सभी जवान कुशल तैराक थे। नियमानुसार सभी ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी जिसके बाद सभी सुरक्षित किनारे पर आ गए।

कुछ खुद तो कुछ को नाविकों ने निकाला

नर्मदा नदी के बीच बहाव में बोट डूबने से अफरा-तफरी मच गई थी। कुछ जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गए थे जबकि कुछ को मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने बाहर निकाला है। सभी सुरक्षित हैं।

इंजन में खराबी की भी चर्चा

नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। प्राथमिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। बोट के इंजन में खराबी आने की भी चर्चा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है जांच के बाद ही कारण पता चल सकेगा । इसके साथ ही जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

इनका कहना है

नाव की क्षमता सात से आठ सवारी की थी लेकिन उसमें 15 लोग सवार थे। एनवक्त पर हम लोग पहुंच गए तो उन्हें निकाल लिया गया। होमगार्ड का स्टॉफ मस्ती कर रहा था तभी नाव पलटी। ऑपरेटर नशे में धुत था। सभी को बचा लिया गया है।

जितेन्द्र बर्मन, नाविक

होमगार्ड स्टॉफ पेट्रोलिंग के दौरान बोट जब बीच नदी में पहुंची तो अनियंत्रित होकर पलट गई। 10 से 12 लोग स्टॉफ था सभी तैरकर बाहर आ गए। पानी कम होने के बाद मोटर बोट को तलाशा जायेगा। सभी सुरक्षित है। नाव चालक की लापरवाही सामने आ रही है, जांच के बाद उचित कार्रवाई होगी।

 

नीरज सिंह ठाकुर, कमांडेंट होमगार्ड

Next Post

सिंगरौली में हवाई उड़ान की कवायद तेज

Fri Sep 4 , 2026
सिंगरौली । ऊर्जा की राजधानी सिंगरौली में हवाई सेवा शुरू होने की दिशा में अब कवायद तेज हो गई है। सिंगरौली हवाई पट्टी को विकसित कर हवाई अड्डे के रूप में तैयार करने की प्रक्रिया के तहत भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की चार सदस्यीय सर्वे टीम सिंगरौली पहुंच सर्वे कार्य शुरू […]

You May Like