
उज्जैन। महाकाल दर्शन करने ग्वालियर से आए परिवार के साथ प्रसाद नहीं खरीदने पर मारपीट का मामला सामने आया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला। आरोपी का नाबालिग साथी भी पुलिस की हिरासत में है। ग्वालियर का रहने वाला योगेश पिता ओमप्रकाश साहू दिल्ली गृह मंत्रालय में अकाउंटेंट है। दिल्ली में ही पत्नी नेहा कुमारी साइंटिस्ट है। दोनों परिवार के साथ बुधवार को महाकाल दर्शन करने उज्जैन पहुंचे थे। भारत माता मंदिर के पास फूल प्रसाद की दुकान लगाने वाले ने प्रसाद की डलिया लेने का दबाव बनाया। मना करने पर दुकानदार और उसके साथी ने पति-पत्नी और परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। गृह मंत्रालय अकाउंटेंट की पत्नी गर्भवती थी धक्का लगने पर वह गिर पड़ी।
विवाद के बाद योगेश साहू परिवार के साथ महाकाल थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार मामले में साहू परिवार के साथ हुई मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश में टीम भेजी गई। दोपहर में मारपीट करने वाले दुकानदार संजू बंजारा निवासी आगर नाका और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में ले लिया गया। दर्शनार्थी परिवार के साथ जहां मारपीट की गई थी। उसी स्थान पर ले जाकर आरोपी सोनू बंजारा का जुलूस निकाला गया। नाबालिग को नोटिस पर रिहा किया गया है। वहीं मुख्य आरोपी सोनू को न्यायालय में पेश किया गया।
