
ओरछा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने ओरछा में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद प्रेस-ब्रीफिंग में कहा कि बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता के साथ मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्यसमिति में युवा, महिला, किसान, आदिवासी तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गों से जुड़े मुद्दों के साथ उद्योग, रोजगार और प्रदेश के विकास पर मंथन हुआ। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें बुंदेलखंड विकास, गरीब कल्याण, औद्योगिक विकास, रोजगार, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण को प्रमुखता दी गई।
खण्डेलवाल ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ और ‘समरसता का संकल्प’ पर भी चर्चा हुई। संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां सामने रखीं। 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जबकि आगामी वर्ष महिलाओं को समर्पित रहेगा। सरकार की किसान कल्याण, लाड़ली बहना, शिक्षा, रोजगार, औद्योगिक विकास, जल संरक्षण, सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना संबंधी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
खण्डेलवाल ने केन-बेतवा परियोजना को बुंदेलखंड के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे सिंचाई, पेयजल और बिजली सुविधाओं का विस्तार होगा। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि ओरछा से भाजपा कार्यकर्ता विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लक्ष्य के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
