500 बीघा जमीन के विवाद में भाजपा जिला मंत्री के भाई की गोली मारकर हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

गुना: जिले के सिरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सारेठा में जमीन बंटवारे के खूनी संघर्ष में भाजपा के जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह के छोटे भाई विजय सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। वारदात की खबर मिलते ही भाजपा जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह का रक्तचाप अत्यधिक बढ़ गया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। भाजपा जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह के भाई विजय सिंह अपने भतीजे शांतनु के साथ मोटरसाइकिल से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
अवैध 12 बोर की बंदूक से मारी गोली
आरोप है कि भारत सिंह यादव और उसके बेटे विशाल ने मोटरसाइकिल रोककर पहले शांतनु पर लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद विशाल ने अवैध 12 बोर की बंदूक से विजय सिंह के बाएं पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही विजय सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े। अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
500 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर था विवाद
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब 500 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसने रविवार रात खूनी रूप ले लिया।

आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और नामजद आरोपी भारत सिंह यादव व उसके बेटे विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई अवैध 12 बोर की बंदूक को लेकर भी जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

शरद पूर्णिमा पर गिर्राज बाबा सेवा समिति ने किया भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं को वितरित की खीर

Mon Oct 26 , 2026
ग्वालियर। श्री गिर्राज बाबा सेवा समिति, ग्वालियर द्वारा शरद पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बाबा गिर्राज जी महाराज एवं श्री हनुमान जी को विधि-विधान से भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण […]

You May Like