ग्वालियर। श्री गिर्राज बाबा सेवा समिति, ग्वालियर द्वारा शरद पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बाबा गिर्राज जी महाराज एवं श्री हनुमान जी को विधि-विधान से भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के न्यासी महेश मुदगल एवं नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश एरन का श्री गिर्राज बाबा सेवा समिति द्वारा पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। समिति के सदस्यों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में श्रद्धा, सेवा, सहयोग एवं आपसी सद्भाव की भावना मजबूत होती है। ऐसे आयोजन हमारी धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर श्रीमती ममता कटारे, समिति अध्यक्ष पंडित राजकुमार शर्मा, पंडित दीपक शर्मा, पंडित श्री राजेंद्र भारद्वाज, रामगोपाल झा, शरद पाराशर, महेश पराशर, धर्मेंद्र शर्मा, संदीप पांडे सहित श्री गिर्राज बाबा सेवा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सेवा-भाव के साथ हुआ।
