
छिंदवाड़ा. साइबर ठग अब लोगों को सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी । एपीके फाइल भेजकर मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट पर कब्जा करने का नया तरीका अपना रहे हैं। जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में ऐसा ही मामला सामने आया है। चटुआ नवेगांव निवासी 19 वर्षीय आयुष उइके का वाट्सएप अकाउंट एक संदिग्ध एकपीके फाइल डाउनलोड करते ही हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठग ने युवक की फर्जी एक्सीडेंट की फोटो तैयार कर उसके रिश्तेदारों और दोस्तों को भेजी और आपात स्थिति बताकर रुपये मांगने शुरू कर दिए। पीडि़त आयुष उइके ने पुलिस को बताया कि शनिवार, 29 अगस्त को उसके वाट्सएप पर पीएम आवास योजना के नाम से एक संदेश आया था। संदेश के साथ डॉट एपीके फाइल भेजी गई थी। युवक ने अनजाने में फाइल पर क्लिक कर उसे डाउनलोड कर लिया। फाइल डाउनलोड होते ही हैकर ने उसके वाट्सएप अकाउंट पर कब्जा कर लिया। इसके बाद ठग ने आयुष की फोटो का इस्तेमाल कर एक्सीडेंट की फर्जी तस्वीर तैयार की। फोटो पर पेमेंट के लिए फत् कोड भी लगा दिया गया। यह तस्वीर उसके वाट्सएप संपर्कों को भेजकर हादसा होने और तत्काल पैसों की जरूरत बताई गई। कुछ दोस्तों ने जब आयुष को फोन कर हादसे के बारे में जानकारी ली, तब उसे अपने वाट्सएप अकाउंट के हैक होने का पता चला।
पुलिस ने कार्रवाई कर अकाउंट कराया सुरक्षित ००००
घटना की जानकारी मिलते ही आयुष जुन्नारदेव थाने पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई डोंगरे ने युवक के मोबाइल की जांच की। मोबाइल में मौजूद संदिग्ध एपीके फाइल को हटाया गया। इसके बाद वाट्सएप को री-इंस्टॉल कराकर अकाउंट को सुरक्षित किया गया।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की ०००००
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर, ग्रुप या व्यक्ति से प्राप्त । एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। पीएम आवास योजना, मुफ्त रिचार्ज, लॉटरी या अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक और फाइल से भी सावधान रहें।
