
देवास। कुसमानिया में प्रशासनिक अमला अलग-अलग व्यवस्थाओं की हकीकत परखता नजर आया। कलेक्टर ऋतुराज सिंह और एसपी पुनीत गेहलोद ने स्कूल से लेकर स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी और खाद गोदाम तक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के गुर बताए, जबकि स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक गेहलोद ने कन्नौद में आयोजित “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” शिविर के पहले ग्राम कुसमानिया के शासकीय उमावि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुषमान आरोग्य मंदिर), आंगनवाड़ी केंद्र एवं खाद गोडाउन का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण कर कहा कि यहां पर प्रसव कराने संबंधी जो भी समस्याएं आ रही है, उनका शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों के बेहतर उपचार दिया जाएं।
शासकीय उमावि कुसमानिया में विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों के लिए आवश्यक टिप्स भी दिए। निरीक्षण के दौरान बताया कि स्कूल में 500 से अधिक बच्चे हैं, 25 शिक्षक हैं। यहां पर वोकेशनल कोर्स सिलाई, कम्प्यूटर ट्रेनिंग आदि कराए जा रहे हैं। वर्तमान में 72 बच्चे वोकेशनल ट्रेनिंग ले रहे हैं। उन्होंने विद्यालय में छात्रों को सभी सुविधा प्रदान कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक गेहलोद ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां पर आ रही पेयजल की समस्या का निराकरण करने के निर्देश संबंधितों को दिए। खाद गोडाउन से संबंधित निर्देश दिए कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद मिले। इसके लिए स्टॉक को मेन्टेंन करके रखें। खाद के लिए किसानों को परेशानी न आए। किसानों के समय पर खाद प्रदान की जाएं। उन्होंने गेहूं भंडारण कक्ष का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
