रीवा: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आज प्रात: प्रसिद्ध बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें अपने हाथों से गुड़ एवं भूसा खिलाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौवंश वन्य विहार में चल रही प्राकृतिक खेती की गतिविधियों, नए गौ-शेड्स के निर्माण तथा हाल ही में हुई अति वर्षा के कारण परिसर में निर्मित जलभराव की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए. इरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी उपस्थित रहे.
परिसर का भ्रमण करते हुए उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौ माता के रहन-सहन, हरे चारे, स्वच्छ पानी और संपूर्ण परिसर की स्वच्छता की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश और जलभराव के कारण गौवंश को किसी भी प्रकार की बीमारी या असुविधा का सामना न करना पड़े. इसके लिए सभी आवश्यक सुधार कार्य तत्काल प्रभाव से पूरे किए जाएं. उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौवंश संवर्धन के साथ-साथ गौवंश वन्य विहार परिसर में की जा रही प्राकृतिक खेती के मॉडल का अवलोकन कर सराहना की और उत्साह बढ़ाया.
