
उज्जैन। कनीपुरा में बुधवार गुरुवार रात ढाबे पर करणी सेना से जुड़े दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश और पद को लेकर विवाद हो गया था। विवाद में एक पक्ष के दो युवकों की चाकू तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। दो घायल हुए हैं। हमलावर पक्ष से भी एक को चोट लगी है। पुलिस ने गुरुवार दोपहर हत्या में शामिल 3 को हिरासत में ले लिया था।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के कानीपुरा स्थित लक्की दरबार ढाबे पर रात 1 बजे के लगभग करणी सेना से जुड़े दो गुट पहुंचे थे। जिनके बीच पुरानी रंजिश और पद को लेकर कहासुनी हो गई। इसी के चलते एक पक्ष ने अपने साथियों को काल कर दिया। कुछ देर बाद 10 से 12 बाइक पर सवार होकर 15 से 17 लोग हथियारों के साथ पहुंचे और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले मे राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप पिता दिलीप सिंह (42), निवासी नीमनवासा गंभीर घायल हो गया था। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।वही उसके साथी जितेंद्र पिता निर्भय सिंह पवार (35), निवासी उंडासा की लाश ढाबे से कुछ दूरी पर झाडिय़ों में मिली है। घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। हमले में दोनों मृतकों के दो साथी श्रवण और पप्पू जाट भी घायल हुए थे बिना उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया गया।
चरक अस्पताल में घायल श्रवण ने सीएसपी पुष्पा प्रजापति को बताया कि ढाबे पर शक्ति सिंह और राहुल दरबार के बीच विवाद हुआ था। दोनों करणी सेना से हैं। पहले विवाद को शांत करा दिया गया था, लेकिन बाद में शक्ति सिंह ने सोनू बंजारा नामक व्यक्ति को फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 15 से 17 लोग हथियार लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। श्रवण का कहना था कि वह बीच बचाव में घायल हुआ है वहीं पप्पू जाट भी ढाबे पर मौजूद था जिस पर हमलावरों ने तलवार से वार कर दिए थे।
किया चक्काजाम
गुरुवार सुबह दोनों मृतकों का पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंपे गए। कुछ देर बाद ही परिजन और करणी सेवा से जुड़े पदाधिकारी मक्सी रोड डिपो चौराहा पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चक्का जाम कर दिया। पुलिस की काफी समझाइए इसके बाद मामला शांत हुआ और चक्का जाम खत्म कराया गया।
अस्पताल बना पुलिस छावनी
दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही चरक अस्पताल में तनाव की स्थिति बन गई। मृतकों के परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। वही एएसपी आलोक शर्मा, सीएसपी पुष्पा प्रजापत और दीपिका शिंदे सहित महाकाल टीआई गगन बादल, हेमराज यादव और विवेक कनोडिया ने बल के साथ अस्पताल पहुंच स्थिति को कंट्रोल किया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने गुरुवार दोपहर हत्या में शामिल मुख्य आरोपी शक्ति सिंह के साथ अर्पित तो राघव को हिरासत में ले लिया है वहीं अन्य की तलाश की जा रही है मामले में हत्या और प्राण घातक हमले का प्रकरण दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्ध भी पुलिस की हिरासत में है जिनसे पूछताछ जारी है।
