
ओंकारेश्वर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह पुरनी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने महंगाई के विरोध में धरना-आंदोलन किया। आदिवासी धर्मशाला से जेपी चौक तक रैली निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
जेपी चौक पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में 22 साल और देश में 12 साल से भाजपा की सरकार है, इसके बावजूद महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही है। शक्कर 70 रुपये किलो हो गई है, सोयाबीन तेल और गैस भी महंगी हो गई है। गरीबों की रसोई से लेकर रोजमर्रा की सभी वस्तुएं महंगी हो गई हैं। राखी के त्योहार पर मिठास कम हो गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बुधवार को ओंकारेश्वर आए थे और शंकराचार्य की मूर्ति के पास पंचायतन मंदिर का भूमिपूजन किया, लेकिन ओंकारेश्वर के लोग भय से त्रस्त हैं और नेताओं से गुहार लगा रहे हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नादान सिंह, चंदू महिलाया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष चंपाबाई, वार्ड कमेटी के पदाधिकारी और पार्षदगण उपस्थित थे।
