
देवास। जिले में चल रही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की धीमी गति और लंबित कार्यों को लेकर सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचे। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में उन्होंने नल-जल, सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य और सांसद निधि सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यों पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर कार्यों की वास्तविक स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद सोलंकी ने जिला अस्पताल में जन्म पंजीयन की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बैक को दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जिले में लाभान्वित नागरिकों की जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि जिले में आयुष्मान योजना के अंतर्गत 12 निजी अस्पताल एंपैनल्ड हैं। सांसद ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में एमजी रोड पर जनता बैंक के पास सौंदर्यीकरण कार्य पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नल-जल योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवंटित कनेक्शनों एवं लाभार्थियों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान बताया कि जिले में नेमावर खातेगांव-कन्नौद एवं पुंजापुरा समूह नल-जल योजना के कार्य प्रगतिरत हैं। सांसद श्री सोलंकी ने सभी प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर ग्राम पंचायतों में हो रहे कार्यों की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष जोर-
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित मार्गों की समीक्षा करते हुए सांसद सोलंकी ने निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की जमीनी स्तर पर कितनी प्रगति हुई है, इसकी वास्तविक स्थिति प्रस्तुत की जाए। एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्मित तथा लंबित सड़कों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा हुई।
सिंचाई एवं जल संसाधन परियोजनाओं की समीक्षा-
वॉटर रिसोर्स डेवलपमेंट के अंतर्गत नर्मदा-क्षिप्रा बहुउद्देशीय परियोजना की प्रगति की जानकारी ली गई। हाटपिपल्या माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना तथा नर्मदा-कालीसिंध-चंबल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद सोलंकी ने योजनाओं में अब तक हुए कार्य, शेष कार्य तथा संभावित पूर्णता अवधि की विस्तृत जानकारी ली। नर्मदा-क्षिप्रा बहुउद्देशीय माइक्रो परियोजना, हाटपिपल्या माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना के अंतर्गत आवंटित राशि एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवंटित राशि एवं प्रगति की जानकारी भी ली गई।
सांसद निधि के कार्यों की समीक्षा-
सांसद श्री सोलंकी ने सांसद निधि से स्वीकृत विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेते हुए अपूर्ण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश। नगर निगम क्षेत्र में सांसद निधि से स्वीकृत कार्य लंबित होने पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सांसद निधि से कुल 141 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 90 कार्य पूर्ण, 37 कार्य प्रगतिरत तथा 14 कार्य लंबित हैं।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत समीक्षा कर लाभान्वित किसानों की जानकारी ली। इस संबंध में सांसद सोलंकी ने पात्र किसानों को जल्द से जल्द योजना का लाभ देने के लिए
निर्देशित किया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आवंटित कनेक्शन एवं लाभार्थियों, प्रधानमंत्री बीमा योजना तथा किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आवंटित राशि एवं लाभान्वित किसानों की विस्तृत जानकारी ली गई। पूर्व में आयोजित दिशा समिति की बैठक की कार्यवाही के पालन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, डीएफओ अमित सिंह, प्रभारी सीईओ जिला पंचायत शोभाराम सोलंकी, खंडवा संसदीय क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रतिनिधि जयप्रकाश शर्मा, भेरूलाल अटारिया, बलराम चौधरी आदि उपस्थित रहे।
