
रीवा, निगम निगम रीवा आयुक्त श्री अक्षत जैन ने शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड 02 में शिवकंठ नगर, विंध्य विहार तथा रेलवे फ्लाईओवर के समीप, वार्ड 09 में पटेल हॉस्टल एवं निराला नगर, वार्ड 18 में कॉलेज चौराहा, वार्ड 13 में नेहरू नगर, वार्ड 15 में लैंडमार्क के पास, वार्ड 16, वार्ड 26 में ललपा एवं पोखरी टोला तथा वार्ड 44 में महाजन टोला क्षेत्र का भ्रमण किया।
निगम आयुक्त श्री जैन ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कॉलेज चौराहा पर बार-बार होने वाले जलभराव का 10 दिवस के भीतर स्थायी समाधान करने तथा तिलक नगर के कच्चे नाले को पक्का करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी को चार स्थानों वार्ड 16 में पाल पैलेस के पास, समान स्कूल के पास, लैंडमार्क के पास तथा संजय नगर के आगे क्रॉसिंग पुलिया बनाने को कहा, जिससे इन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
वहीं निगम के अधिकारियों को गड्डी रोड की पुलिया का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने तथा महाजन टोला में चल रहे नाला निर्माण को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। शिवकंठ नगर के जलभराव पर आयुक्त ने कहा कि यह समस्या रेलवे क्षेत्र से जुड़ी है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से समन्वय कर इसका शीघ्र निदान कराने को कहा।
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी के प्राकृतिक बहाव (फ्लो) के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि बारिश का पानी बिना रुके आगे निकल सके। साथ ही, शहर के अन्य स्थानों पर स्टॉर्म वाटर ड्रेन के नालों की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
निगम आयुक्त श्री जैन ने कहा कि अधिकारी जलभराव की समस्या के अस्थायी राहत कार्यों के साथ अब स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।इस दौरान निगम के कार्यपालन यंत्री श्री सिद्धार्थ सिंह, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री नितिन पटेल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
