दिल्ली को मिली 200 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने 200 नई जीरो-एमिशन इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल करने, दिल्ली-करनाल इंटर-स्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने, महिलाओं के लिए 56 विशेष इलेक्ट्रिक बस सेवाएं उपलब्ध कराने और राजघाट डिपो-1 में हाई-कैपेसिटी पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू करने की घोषणा की है। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था तेजी से साफ-सुथरी, सुरक्षित और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है और इस बदलाव में इलेक्ट्रिक बसों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बसों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा सार्वजनिक परिवहन तंत्र तैयार करना है जो हर नागरिक के लिए स्वच्छ, सुरक्षित, आरामदायक और आसानी से उपलब्ध हो।
डॉ. सिंह के अनुसार, 200 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में बसों की कुल संख्या करीब 6,800 हो जाएगी। इसमें 4,938 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं। नए बेड़े में 12 मीटर लंबी 88 इलेक्ट्रिक बसें और नौ मीटर लंबी 112 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। ये लो-फ्लोर, एयर-कंडीशंड बसें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं से लैस हैं।

उन्होंने कहा कि इंटर-स्टेट इलेक्ट्रिक कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए डीटीसी दिल्ली-करनाल मार्ग पर पांच पूरी तरह इलेक्ट्रिक और एयर-कंडीशंड बसें संचालित करेगा। करीब 133 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर दोनों दिशाओं में रोजाना कुल 10 ट्रिप की सुविधा उपलब्ध होगी। यह सेवा महाराणा प्रताप आईएसबीटी, कश्मीरी गेट को हरियाणा के करनाल से जोड़ेगी। इस मार्ग पर सिंघू बॉर्डर, राय, भालगढ़, मुरथल, गन्नौर, समालखा, पानीपत, घरौंडा और मधुबन जैसे प्रमुख स्थानों को कनेक्टिविटी मिलेगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली-करनाल ई-बस सेवा यात्रियों को अंतरराज्यीय यात्रा के लिए स्वच्छ, आरामदायक और किफायती विकल्प उपलब्ध कराएगी। यह सेवा दिल्ली से बाहर भी जीरो-एमिशन सार्वजनिक परिवहन के नेटवर्क का विस्तार करेगी।

महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सार्वजनिक परिवहन तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए डीटीसी 56 विशेष इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करेगा। इनमें अधिक मांग वाले 15 मार्गों पर ‘लेडीज स्पेशल’ की 30 ट्रिप तथा 13 मार्गों पर ‘यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल’ की 26 ट्रिप शामिल हैं। परिवहन मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाना, दिल्ली-करनाल इंटर-स्टेट ई-बस कॉरिडोर शुरू करना, महिलाओं के लिए विशेष बस सेवाएं उपलब्ध कराना और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को बदलने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को मजबूत करने, सार्वजनिक परिवहन की क्षमता बढ़ाने और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर लगातार काम कर रही है। इन पहलों के जरिए राजधानी में ऐसा भविष्य के लिए तैयार सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव को प्राथमिकता दी जाएगी।

.....

Next Post

स्मार्ट सिटी की 40 करोड़ की सड़क टेस्टिंग में ही धंसी

Tue Aug 18 , 2026
इंदौर, इंदौर के गोराकुंड क्षेत्र में रविवार 17 अगस्त 2026 को निर्माण गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई। यहां गोराकुंड चौराहे के बेहद नजदीक अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा जमीन में धंस गया।   घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में बिछाई गई नई […]

You May Like

मनोरंजन