ग्वालियर:जीवाजी विश्वविद्यालय की सेंट्रल लायब्रेरी में लम्बे समय से खराब पड़े एयर कंडीशनिंग व्यवस्था को लेकर छात्र संगठन एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। एनएसयूआई का आरोप है कि एसी खराब होने से छात्रों को पढ़ाई में भारी परेशानी हो रही है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बताया कि पुस्तकालय में एसी व्यवस्था वर्षो से खराब है। भीषण गर्मी और उमस की वजह से विद्यार्थियों का असहज वातावरण में पढ़ाई करने के विवश होना पड़ रहा है। जिससे उनकी एकाग्रता और प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय छात्रों से विभिन्न मदों में शुल्क तो तत्परता से वसूलता है लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने में पीछे हट जाता है। एनएसयूआई ने सवाल उठाया है कि जब छात्र नियमित रूप से फीस जमा कर रहे हैं तो उन्हें बेहतर अध्ययन का वातावरण प्रदान करता विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी क्यों नहीं है।एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लाइब्रेरी की ऐसी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन होगा।
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक लाभ से जुड़ा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों और उनकी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित है। पदाधिकारियों ने दोहराया कि वे छात्रों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।एनएसयूआई का कहना है कि सेंट्रल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं और विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र है। ऐसे में ऐसी व्यवस्था का लंबे समय से खराब रहना विद्यार्थियों की परेशानी को और बढ़ा रहा है।
