जबलपुर: मझगवां थाना अंतर्गत हनुमानगढ़ी मोहल्ले में एक 31 वर्षीय महिला की सीने और पेट में अचानक उठे तेज दर्द के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सिहोरा कोर्ट से लौटते वक्त मृतिका की तबीयत बिगड़ी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ी मोहल्ला निवासी राजेंद्र पटेल (32) जबलपुर में ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी पार्टनर के रूप में कार्यरत है। उसका परिवार पत्नी, 7 वर्षीय बच्चा, मां रामकली और छोटा भाई भोलू मझगवां में ही रहता है, जिससे मिलने राजेंद्र हफ्ते में एक बार घर आता-जाता था। 14 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे राजेंद्र जबलपुर से अपने घर आया था। दोपहर करीब 2 बजे वह अपने एक पुराने रिकवरी केस के सिलसिले में पत्नी प्रतिभा पटेल (31) को साथ लेकर सिहोरा कोर्ट गया था। शाम करीब 4:30 बजे कोर्ट से वापस लौटते समय प्रतिभा ने अचानक पेट, सीने और कमर में तेज दर्द की शिकायत की। राजेंद्र ने तुरंत मझगवां के एक डॉक्टर से पत्नी का चेकअप कराया और दवा दिलाकर घर ले आया।
रात में दोबारा बढ़ी घबराहट, सोते समय तोड़ा दम
घर लौटने के बाद रात करीब 9 बजे पूरे परिवार ने एक साथ खाना खाया। इसके बाद प्रतिभा भी डॉक्टर की दी हुई दवा खाकर पति और बच्चे के साथ अपने कमरे में सोने चली गई। रात करीब 1:30 बजे प्रतिभा की तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई। उसने पति को बताया कि उसे बहुत ज्यादा घबराहट और सीने में तेज दर्द हो रहा है। राजेंद्र ने राहत के लिए पत्नी के सीने पर बाम लगाया और दर्द की दवा भी दी। लेकिन इसके महज आधे घंटे बाद प्रतिभा ने बोलना बंद कर दिया। आखिरकार, रात करीब 3 बजे बिस्तर पर ही उसकी सांसें थम गईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
शनिवार सुबह होते ही पीड़ित पति राजेंद्र पटेल ने पूरी घटना की सूचना मझगवां थाने में दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मझगवां थाना प्रभारी का कहना है कि मर्ग दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा
