कटोरा ताल से लक्ष्मीबाई समाधि तक बनी मानव श्रृंखला

ग्वालियर। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व शुक्रवार को शहर में देशभक्ति और स्वच्छता का अनोखा संगम देखने को मिला। ‘स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली’ के तत्वावधान में शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य मानव श्रृंखला बनाई गई। सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक चले इस आयोजन में करीब 4 हजार नागरिकों ने हिस्सा लिया।

मानव श्रृंखला का शुभारंभ कटोरा ताल फ्लैग पॉइंट से हुआ। वहां से यह श्रृंखला अचलेश्वर चौराहा, अचलेश्वर मंदिर, इंदरगंज चौराहा, जयेंद्रगंज, नदीगेट, मोती तबेला, बैजाताल और फूलबाग चौपाटी होते हुए वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पर जाकर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों सहित हर वर्ग के लोगों ने हाथ से हाथ जोड़कर स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संकल्प लिया।

इस दौरान हाथों में तख्तियां लिए नागरिकों ने नारों से शहर को जागरूक किया – साथी रे, हाथ से हाथ मिलाना, गंदगी को दूर भगाना, हम सबने ठाना है, ग्वालियर को स्वच्छ बनाना है, साफ सोच-साफ शहर, प्लास्टिक है धीमा जहर, जब भी बाजार जाएं, कपड़े का थैला लाएं जैसे संदेशों ने लोगों का ध्यान खींचा।

इन संस्थाओं ने निभाई भागीदारी

अभियान में चिकित्सा महाविद्यालय, एमएलबी कॉलेज, सिंधिया कन्या विद्यालय, महिला पॉलीटेक्निक, जीवाजी राव हायर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, एएमआई शिशु मंदिर, शासकीय कन्या विद्यालय शिंदे की छावनी, रेडिएंट, आदित्य वर्ल्ड, वेलफेयर पब्लिक स्कूल, मिसहिल स्कूल सहित प्रमुख कोचिंग संस्थानों, एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की।

वहीं मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स, दाल बाजार व्यापारी प्रकोष्ठ, कैट, संजय कॉम्प्लेक्स, राजीव प्लाजा, जयेंद्रगंज व्यापारी संघ, अचलेश्वर न्यास, सनातन धर्म मंदिर, जीवाजी क्लब, फूलबाग गुरुद्वारा समिति, स्मार्ट सिटी, रोटरी, लायंस क्लब और रेडक्रॉस सोसायटी सहित कई सामाजिक संगठन भी शामिल हुए।

समापन अवसर पर नागरिकों ने ग्वालियर को स्वच्छ और सुंदर बनाने तथा नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल देशभक्तिमय हो गया। इस दौरान करीब एक हजार पौधों का निःशुल्क वितरण कर उनके संरक्षण का आह्वान किया गया।

Next Post

केंद्रीय जेल से रिहा होंगे 18 बंदी, परिजनों में खुशी की लहर, कल सुबह होगी घर वापसी

Fri Aug 14 , 2026
जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय कारागार में सजा काट रहे 18 बंदियों को उनके उत्तम आचरण और जेल में अनुशासित जीवन के आधार पर समय पूर्व रिहा करने का आदेश जारी किया गया है। जिससे बंदियों के परिवारों में खुशी का माहौल है। […]

You May Like