
सीधी। कोतवाली पुलिस ने शासकीय नापतौल कार्यालय में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 2.50 लाख के पीतल के तराजू, बाट एवं मापक उपकरण बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन में एवं थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने शासकीय नापतौल कार्यालय में हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चोरी गए पीतल के तराजू, बाट एवं मापक उपकरण बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार फरियादिया ललिता पटेल 41 वर्ष निरीक्षक, शासकीय नापतौल कार्यालय जिला सीधी द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 10 अगस्त 2026 की शाम कार्यालय बंद कर सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। अगले दिन 11 अगस्त 2026 की सुबह कार्यालय के मुख्य द्वार, चैनल गेट, हॉल एवं प्रयोगशाला के ताले टूटे पाए गए। जांच करने पर प्रयोगशाला से 50 किलोग्राम एवं 5 किलोग्राम क्षमता के पीतल के तराजू, विभिन्न भार के पीतल के बाट, पीतल के लीटर मापक यंत्र तथा एक मीटर लंबाई की पीतल की मापक रॉड चोरी होना पाया गया। अज्ञात आरोपी द्वारा रात्रि में कार्यालय के ताले तोड़कर शासकीय संपत्ति चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
आरोपी से चोरी का माल बरामद-
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदेही रवि साकेत पिता जगमोहन साकेत उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम पड़रा बस्ती, थाना जमोड़ी, जिला सीधी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया शासकीय नापतौल सामग्री बरामद की गई, जिसमें प्रमुख रूप से 50 किलोग्राम क्षमता के पीतल के तराजू के भाग (बीम, स्टैंड एवं पलड़े), 5 किलोग्राम क्षमता के पीतल के तराजू के भाग, विभिन्न भार के पीतल के बाट, पीतल के लीटर मापक यंत्रों के भाग
बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये है। बरामदगी की कार्रवाई विधिवत गवाहों की उपस्थिति में की गई।
कार्रवाई में सराहनीय भूमिका-
प्रकरण के सफल खुलासे में उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक अब्दुल, प्रधान आरक्षक बालेन्द तथा आरक्षक प्रवीण की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा टीम की तत्परता एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना की गई है।
