जबलपुर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान आगामी सोमवार को होगा। अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के प्रत्याशी अपनी जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार और हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेंद्र सिंह ने जीत की स्थिति में हाईकोर्ट बार को देश का नंबर वन आदर्श बार बनाने का संकल्प व्यक्त किया है।
पत्रवार्ता में वरिष्ठ अधिवक्ता व अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के मृगेन्द्र सिंह ने कहा कि यदि अधिवक्ता उन पर विश्वास जताकर अध्यक्ष निर्वाचित करते हैं तो उनके कार्यकाल में बार की गरिमा और सम्मान को नई ऊंचाई दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट बार में पूर्व में ऐसे वरिष्ठ विधिवेत्ता रहे हैं, जिन्होंने बार की प्रतिष्ठा को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। पिछले करीब 10 वर्षों में बार की गरिमा प्रभावित हुई है, जिसे पुन: स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
जूनियर-सीनियर और बार-बेंच में बेहतर समन्वय-
मृगेंद्र सिंह ने कहा कि जूनियर और सीनियर अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ ही बार और बेंच के बीच भी स्वस्थ एवं प्रभावी सामंजस्य स्थापित किया जाएगा। उनका उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें अधिवक्ताओं के हितों के साथ न्यायिक व्यवस्था की गरिमा भी मजबूत हो।
बीमा और स्वास्थ्य योजना का वादा-
उन्होंने अधिवक्ताओं और बार के कर्मचारियों के लिए सामूहिक बीमा तथा स्वास्थ्य योजना शुरू करने की बात कही। महिला अधिवक्ताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी वादा किया। इनमें अलग बैठने की व्यवस्था, पृथक शौचालय और छोटे बच्चों के लिए पालना घर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। श्री सिंह ने कहा कि इन योजनाओं और बार के समग्र विकास के लिए सभी अधिवक्ताओं का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिवक्ता समुदाय से उन्हें समर्थन देने और विकास की इस पहल में सहभागी बनने की अपील की।
