सीहोर। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखते हुए दुकानों, डेरियों एवं फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है.
खाद्य विभाग की टीम ने पचामा स्थित रूद्रांश डेयरी इंडस्ट्री का निरीक्षण कर फैक्ट्री में अस्वच्छ तरीके से एनालॉग पनीर बनाया जा रहा था, इसके साथ ही निर्माण स्थल की फर्श उखड़ी तथा दीवार गंदी पाई गई. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फैक्ट्री में बन रहे पनीर निर्माण एवं सप्लाई को तुरंत रूकवाया और 204 किलो एनालॉग पनीर भी जब्त किया, जिसका अनुमानित मूल्य 40,800 रुपए है. इसके साथ ही एनालॉग पनीर का नमूना भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया. यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती एडलीन पन्ना और श्रीमती दीपाली कांगे सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की गई. उन्होंने बताया कि उक्त कार्रवाई आगे भी सतत जारी रहेगी.
