सतना : सतना और मैहर में 3 अलग अलग स्थानों पर हुई सडक़ दुर्घटनाओं में जहां एक वृद्ध की मौत हो गई वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए. घायलों का उपचार जारी है. पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र से होकर गुजरने वाले राष्ट्र्रीय राजमार्ग 30 पर हुए हादसे में एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया कि नादन टोला ओवर ब्रिज के निकट एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे वृद्ध को रौंद दिया.
जिसके बाद वह वाहन वृद्ध के ऊपर से गुजरते हुए वहां से भाग निकला. घटना की जानकारी होने पर 112 वाहन का स्टाफ मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया. पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु कर दी गई है. मैहर जिले में ही दूसरी सडक़ दुर्घटना बुधवार की दोपहर तब सामने आई जब बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. बताया गया कि सोनवारी के पास अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मार दिए जाने के कारण बाइक सवार रघुनाथ और रवि कुमार निवासी मंटोला घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
कार से टकराईं 2 बाइक
सतना चित्रकूट मार्ग पर मझगवां क्षेत्र में बुधवार की सुबह दो बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गईं. जिसके चलते दोनों बाइक पर सवार 4 लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान चंदन, आशा, मानिक लाल और हकरकिशन प्रजापति के तौर पर हुई. बाइक सवार चारों लोग झांसी से चित्रकूट पहुंचे थे. जहां पर दर्शन पूजन करने के बाद वे बाइक पर सवार होकर मैहर की ओर जा रहे थे. घायलों को उपचार के लिए मझगवां स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया
