
गणेशगंज। जनपद पंचायत लखनादौन अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशगंज के गंज टोला में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मामला सामने आया है। सोमवार को करीब 70 वर्षीय नईम खान के निधन के बाद परिजनों और ग्रामीणों को जनाजा लेकर उफनती नदी पार कर कब्रिस्तान पहुंचना पड़ा।ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में नदी के उफान पर होने से आवागमन बेहद जोखिम भरा हो जाता है। गंज टोला में बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं, लेकिन कब्रिस्तान तक सुरक्षित मार्ग और नदी पर उचित व्यवस्था नहीं होने से लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी मार्ग और नदी पर पुल-पुलिया निर्माण की मांग की है। सचिव बलराम यादव ने बताया कि पंचायत द्वारा पूर्व में भी आवेदन किया गया है। करीब एक माह पहले नाला निर्माण के लिए भी आवेदन दिया गया है। यह बड़ा कार्य है, जिसकी विभागीय स्वीकृति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि गंज पहुंच मार्ग के लिए सीसी सड़क स्वीकृत हो चुकी है, जिसका कार्य करीब दो माह बाद शुरू होने की संभावना है।
