उत्तर कोरिया की धमकियों के बीच दक्षिण कोरिया और अमेरिका करेंगे संयुक्त सैन्य अभ्यास

सोल, 10 अगस्त (वार्ता) दक्षिण कोरिया और अमेरिका 17 से 27 अगस्त तक बड़े पैमाने पर संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे, जिसमें ड्रोन हमलों, जीपीएस व्यवधान और साइबर युद्ध जैसी उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दोनों देशों की सेनाओं की ओर से सोमवार को जारी संयुक्त बयान के अनुसार, वार्षिक उल्ची फ्रीडम शील्ड (यूएफएस) अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित सुरक्षा परिदृश्यों में दोनों देशों की सेनाओं की जवाबी कार्रवाई की क्षमता का परीक्षण करना और दक्षिण कोरिया के सरकार-व्यापी आपातकालीन तैयारी अभ्यास को समर्थन देना है। अभ्यास के दौरान बदलते सुरक्षा खतरों से जुड़ी वास्तविक जैसी परिस्थितियां और व्यापक संयुक्त सैन्य अभियान आयोजित किये जाएंगे। इनका उद्देश्य दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी सेनाओं की युद्ध की तैयारी तथा परिचालन क्षमताओं को मजबूत करना है।

दक्षिण कोरिया और अमेरिका हर वर्ष दो प्रमुख संयुक्त सैन्य अभ्यास करते हैं। इनमें वसंत ऋतु में होने वाला फ्रीडम शील्ड और गर्मियों में आयोजित होने वाला उल्ची फ्रीडम शील्ड शामिल है। दक्षिण कोरिया के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के अनुसार, इस वर्ष के अभ्यास में युद्धकालीन परिचालन नियंत्रण को अमेरिका से दक्षिण कोरिया को सशर्त रूप से हस्तांतरित करने की तैयारियों को भी समर्थन दिया जाएगा।

कंबाइंड फोर्सेज कमांड, संयुक्त राष्ट्र कमांड और अमेरिकी सेनाओं की कोरिया में जनसंपर्क शाखा के निदेशक कर्नल रयान डोनाल्ड ने कहा कि यह अभ्यास आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति को ध्यान में रखकर आयोजित किया जा रहा है। इसमें मानवरहित प्रणालियों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और साइबर अभियानों के बढ़ते इस्तेमाल को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने उत्तर कोरिया का आधिकारिक नाम इस्तेमाल करते हुए कहा, “डीपीआरके के सैनिकों ने यूक्रेन में तैनाती की है और लड़ाई लड़ी है तथा वहां से मिले अनुभवों को वे वापस उत्तर कोरिया ले गये हैं।”

दोनों देश वर्तमान में युद्धकालीन परिचालन नियंत्रण के हस्तांतरण के लिए तैयार की गयी तीन चरणों वाली योजना के दूसरे चरण को लागू कर रहे हैं। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग की सरकार ने कहा है कि वह 2030 में उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले या उससे भी पहले यह हस्तांतरण पूरा करने का लक्ष्य रखती है।

अमेरिका ने हालांकि जोर दिया है कि नियंत्रण हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने से पहले इसके लिए निर्धारित सभी आवश्यक शर्तों को पूरा किया जाना जरूरी है।

संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि दोनों देश वारियर शील्ड नाम से फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास भी करेंगे। ये अभ्यास सिमुलेशन आधारित परिदृश्यों से जुड़े होंगे और इनका उद्देश्य सैन्य प्रशिक्षण को वास्तविक परिस्थितियों के अधिक करीब लाना तथा युद्धक तैयारी को बेहतर करना है।

इस वर्ष बटालियन स्तर या उससे ऊपर के कुल 14 फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास आयोजित किए जाने की योजना है। पिछले वर्ष उल्ची फ्रीडम शील्ड अभ्यास के दौरान बटालियन और कंपनी स्तर के 39 फील्ड अभ्यास आयोजित किए गए थे। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के कैप्टन जांग दोयंग के अनुसार, इस वर्ष के अभ्यास में करीब 18,000 दक्षिण कोरियाई सैनिक हिस्सा लेंगे। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, यह संख्या पिछले वर्षों के लगभग बराबर है।

1950-53 के कोरियाई युद्ध को समाप्त करने वाले युद्धविराम समझौते की निगरानी करने वाली संयुक्त राष्ट्र कमान भी अभ्यास में हिस्सा लेगी। कमान के 18 सदस्य देशों में से 12 देशों के करीब 70 अतिरिक्त सैन्यकर्मी इन अभ्यासों में शामिल होंगे।

Next Post

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों , वित्तीय संस्थानों के बीच संवाद-सम्पर्क के लिए सम्मेलन 17-18 अगस्त को राजधानी में

Mon Aug 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 अगस्त (वार्ता) वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग (डीएफएस) की ओर से 17-18 अगस्त को यहां दो दिवसीय पीएसबी विचार-विमर्श सम्मेलन का आयोजन किया है, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) और सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों (पीएफआई) के प्रमुख लोग एक साथ आएंगे। वित्त मंत्रालय की एक विज्ञप्ति […]

You May Like