कोटक महिंद्रा बैंक लेकर आया 65 महीने तक आवास ऋण पर ब्याज दर लॉक करने की सुविधा

मुंबई, 10 अगस्त (वार्ता) कोटक महिंद्रा बैंक ने आवास ऋण पर निश्चित अवधि के लिए ब्याज दर लॉक करने की सुविधा की घोषणा की है। इसमें ग्राहक 39 महीने, 52 महीने या 65 महीने के लिए अपने आवास ऋण पर ब्याज की दर लॉक कर सकता है जिससे उसे रेपो दर में उतार-चढ़ाव से सुरक्षा मिलेगी। बैंक की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि घर खरीदना ग्राहक की वित्तीय यात्रा की सिर्फ शुरुआत होती है। इसके बाद के वर्षों में परिवारों को मासिक किस्त के साथ-साथ घर की साज-सज्जा, बच्चों की शिक्षा, बचत और रोजमर्रा के खर्चों का भी प्रबंधन करना पड़ता है। कोटक महिंद्रा बैंक ने आज अपने हाइब्रिड होम लोन की शुरुआत की घोषणा की है।

कोटक महिंद्रा बैंक में मॉर्गेज के प्रमुख नकुल सक्सेना ने कहा, “होम लोन कई दशकों तक चल सकता है और इस दौरान ब्याज दरों के कई चक्र आ सकते हैं। कई उधारकर्ताओं के लिए ब्याज दर की हर समीक्षा के साथ यह सवाल उठता है कि अगला बदलाव उनकी ईएमआई या घरेलू बजट को किस तरह प्रभावित करेगा। साथ ही, समय के साथ आय, प्राथमिकताओं और वित्तीय जिम्मेदारियों में बदलाव के बीच परिवारों को जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण खर्चों का भी संतुलन बनाना पड़ता है।

ग्राहकों को 65 महीनों तक अपनी ब्याज दर लॉक करने का विकल्प देकर, कोटक हाइब्रिड होम लोन घर का स्वामित्व लेने के शुरुआती वर्षों में वित्तीय योजना बनाने के लिए एक उपयोगी सुरक्षा प्रदान करता है।” चयनित अवधि पूरी होने के बाद, लोन अपने आप फ्लोटिंग-रेट संरचना में परिवर्तित हो जायेगा। यह उत्पाद आवास ऋण और परिसंपत्ति के बदले लिए गये ऋण दोनों के रूप में उपलब्ध है। इसकी कीमत बैंक के फ्लोटिंग-रेट होम लोन के समान स्तर पर रखी गयी है और हाइब्रिड संरचना चुनने के लिए कोई अलग प्रीमियम नहीं लिया जायेगा। बैंक ने बताया कि हाइब्रिड आवास ऋण वेतनभोगियों और स्वरोजगार करने वाले ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।

.....

Next Post

एक्सेल एंटरटेनमेंट के 25 साल, युवा फिल्ममेकर्स के लिये 'एक्सेल ओरिजिन्स' की शुरुआत

Mon Aug 10 , 2026
मुंबई, 10 अगस्त (वार्ता) फिल्म निर्माण कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपने 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 30 वर्ष से कम उम्र के भारतीय फिल्ममेकर्स को अवसर देने के लिये ‘एक्सेल ओरिजिन्स’ नाम से नई पहल शुरू की है।कंपनी के संस्थापक रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया […]

You May Like