गुना में लगी सावन की झड़ी, 12 घंटे में 3 इंच झमाझम बारिश

गुना: मानसून की बेरुखी से हलकान जिले वासियों के लिए सावन का महीना बड़ी राहत लेकर आया है। गुना से रूठे बादल श्रावण मास का दूसरा सोमवार आते-आते अचानक मेहरबान हो गए हैं और क्षेत्र में झमाझम बारिश की झड़ी लग गई है

बीते 24 घंटों में बारिश ने जिस तरह रफ्तार पकड़ी है, उसने लोगों को भीषण गर्मी और सूखे की आशंका से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे के भीतर 131 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इसमें सबसे खास बात यह रही कि बारिश का मुख्य जोर रात में देखा गया, जहां रविवार रात 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक महज 12 घंटे के भीतर ही 3 इंच पानी बरस गया।

बादलों की यह मेहरबानी साफ बता रही है कि सावन का महीना बारिश के लिहाज से शानदार साबित होने वाला है।
गौरतलब है कि बीते सप्ताह तक गुना के हालात काफी चिंताजनक नजर आ रहे थे और लोग बूंद-बूंद पानी को तरसते दिख रहे थे। परिस्थितियां ऐसी बनने लगी थीं मानो इस बार जिले को सूखे का सामना करना पड़ेगा।

हालांकि जिले के चाचौड़ा और मधुसूदनगढ़ इलाकों में बादल पहले से ही मेहरबान बने हुए थे, लेकिन गुना मुख्य क्षेत्र बारिश के मामले में काफी पिछड़ा हुआ था। आंकड़ों के मुताबिक, गुना क्षेत्र में अब तक लगभग 350 मिमी पानी ही बरस पाया है, जो सामान्य से काफी कम है। विशेषज्ञों की मानें तो यदि क्षेत्र को सूखे की मार से बचना है तो कम से कम 75 फीसदी बारिश का कोटा पूरा करना ही होगा, अन्यथा आने वाले दिनों में जलसंकट के हालात विकराल हो सकते हैं। ज्ञात हो कि गुना जिले की औसत वर्षा 1053 मिलीमीटर है। ऐसे में सावन की इस झड़ी से उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में बारिश का यह आंकड़ा जिले के औसत कोटे को पूरा कर लेगा।

Next Post

जुआ फड़ पर रेड,14 जुआरी पकड़ाए, फड़बाज फरार

Mon Aug 10 , 2026
जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत ग्राम परियट में सजे जुआ फड़ पर पुलिस ने छापा मार कार्रवाई करते हुए 14 जुआरियों को दबोच लिया जबकि फड़बाज फरार हो गया। पुलिस ने मौके से नगद 85 हजार रूपये, 2 स्विफ्ट कार जप्त कर ली है।जानकारी के अनुसार परियट में अजीज उर्फ बबलू […]

You May Like