
चंडीगढ़, 09 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में नशे, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और कृषि संकट जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर अपना जनसंपर्क अभियान और तेज कर दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी की ओर से गांवों और शहरों के स्तर पर लगातार संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सके। श्री ढिल्लों ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पंजाब आज नशे की समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और युवाओं के विदेश पलायन जैसे गंभीर संकटों से जूझ रहा है लेकिन सरकार के पास इन समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को दोबारा सुरक्षित, खुशहाल और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से पार्टी के संगठन को गांव से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। श्री ढिल्लों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पंजाब में नौ से 14 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य होने के साथ-साथ देश के लिए शहीदों की धरती भी है। अभियान के तहत प्रत्येक जिले, शहर और गांव में ‘तिरंगा यात्राएं’ निकाली जाएंगी और लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी वाले कलश को लेकर ‘कलश यात्रा’ पंजाब के गांवों तक पहुंच रही है। विशेष रूप से दोआबा क्षेत्र में इस यात्रा के माध्यम से लोगों तक गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया के साथ राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में पंजाब के कृषि क्षेत्र, युवाओं, सीमा सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के भविष्य के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई। आने वाले दिनों में प्रत्येक जिले, मंडल और गांव स्तर पर मजबूत टीमों का गठन किया जाएगा, जिसके सकारात्मक परिणाम आगामी विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेंगे।
