भोपाल। राजधानी में आयोजित ब्रिक्स देशों की 11वीं सांस्कृतिक बैठक का समापन भोपाल घोषणा पत्र के साथ हुआ। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि तीन दिनों तक चले मंथन में सदस्य देशों के बीच संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में 11 देशों के 55 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बार सम्मेलन की थीम लचीलापन, नवाचार और स्थिरता पर आधारित रही।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहली बार सांस्कृतिक क्षेत्र के लिए समयबद्ध लक्ष्य तय किए गए हैं। सांस्कृतिक और विरासत संरक्षण को लेकर साझा रोडमैप तैयार किया गया है, जिसमें डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया है। साथ ही सांस्कृतिक संपदाओं को उनके मूल देशों में वापस लाने की पहल भी घोषणा पत्र में शामिल की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजा भोज की नगरी में इस आयोजन का होना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत का सांस्कृतिक अतीत भव्य रहा है और हमारी भावना हमेशा वसुधैव कुटुंबकम की रही है।
