रायपुर, 06 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा प्रदान करते हुए चयन सूची बुधवार देर रात जारी कर दी है। इसके साथ ही वर्ष 2016 से लंबित इस प्रक्रिया का इंतजार समाप्त हो गया है। चयनित खिलाड़ी प्रदेश के 20 विभिन्न खेलों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
खेल विभाग के अनुसार दोनों वर्षों के लिए कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें वर्ष 2018-19 के 344 तथा वर्ष 2019-20 के 439 आवेदन शामिल थे। प्रारंभिक परीक्षण के बाद 651 आवेदन स्क्रूटनी के लिए पात्र पाए गए। इसके बाद उच्चस्तरीय समिति द्वारा अंतिम परीक्षण के उपरांत 156 खिलाड़ियों का चयन उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में किया गया।
उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिलने के बाद चयनित खिलाड़ियों को राज्य शासन के विभिन्न विभागों में आरक्षित पदों पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार ने सरकारी विभागों में दो प्रतिशत पद उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित कर रखे हैं। लंबे समय से चयन सूची जारी नहीं होने के कारण इन आरक्षित पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।
जिन खेलों के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा प्रदान किया गया है, उनमें आर्चरी, बैडमिंटन, फेंसिंग, हॉकी, कराते, कयाकिंग-कैनोइंग, पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्वीमिंग, सॉफ्ट टेनिस, वुशू, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल, डेफ स्वीमिंग, व्हील चेयर फेंसिंग तथा सॉफ्टबॉल सहित कुल 20 खेल शामिल हैं।
