सतना: मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की एक आवश्यक बैठक जिला अध्यक्ष मैहर मुनींद्र कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागीय समस्याओं सहित भीषण गर्मी में राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में लगे कर्मचारियों की उपेक्षा का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा।बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि भीषण एवं प्रचंड गर्मी के दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने अपने स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के बावजूद ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति का पालन किया। कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा के साथ जनगणना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। अत्यंत खेद का विषय है कि कार्य पूर्ण होने के बाद भी अभी तक विभिन्न विभागों द्वारा इन कर्मचारियों को अर्जित अवकाश जारी करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है।
संघ ने सरकार एवं संबंधित विभागों के इस ढुलमुल और उपेक्षापूर्ण रवैये के प्रति गहरा असंतोष प्रकट किया है। श्री शुक्ला ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या और जायज मांग को शीघ्र ही प्रांतीय नेतृत्व के माध्यम से सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि कर्मचारियों को उनके कठिन परिश्रम का लाभ अविलंब मिल सके। बैठक में कर्मचारी संघ के जिला सचिव अरविंद निगम, वासुदेव तिवारी, डॉक्टर सुनील मिश्रा, अशोक पांडे एवं विद्याधर सहित विभिन्न विभागों के अनेक कर्मचारी एवं संघ के प्रमुख कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
