गुवाहाटी, 03 अगस्त (वार्ता) रिलायंस फाउंडेशन ने असम में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।
यह राशि फाउंडेशन की ओर से राज्य में पहले से चलाए जा रहे राहत कार्यों के अतिरिक्त दी जाएगी। फाउंडेशन के कर्मचारी पहले से ही शिवसागर और चराइदेव जिलों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, अस्थायी आश्रय और पशुओं की देखभाल से जुड़े कार्यों में हुए हैं।
फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीता एम. अंबानी ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा, “आप अकेले नहीं हैं। हम आपके साथ खड़े हैं और आने वाले दिनों में भी आपके साथ बने रहेंगे। मिलकर हम जीवन को फिर से पटरी पर लाएंगे और उम्मीद को दोबारा जगाएंगे।”
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सहायता के लिए श्रीमती अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, अस्थायी आश्रय और पशुधन की देखभाल में सहयोग कर रही हैं।
