एक सप्ताह नहीं बारिश के आसार

शाजापुर, नगर सहित जिले भर में सावन का महीना चल रहा है, लेकिन लोगों को अब भी झमाझम बारिश का इंतजार है. जुलाई माह में केवल एक दो बार ही अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जबकि अगस्त की शुरुआत भी उमस भरे मौसम के साथ हुई है. बारिश न होने से दिनभर तेज उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है.

मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया के अनुसार, जिले में आगामी आठ दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इस अवधि में शाम के समय कहीं.कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन लगातार और व्यापक वर्षा के आसार फिलहाल नहीं हैं. ऐसे में उमस भरा मौसम बना रहेगा. वर्तमान में 1 जून से 2 अगस्त तक शाजापुर जिले में औसतन 13.13 इंच वर्षा दर्ज की गई है. जिसमें शाजापुर में 13.07 इंच, मोहन बड़ोदिया में 14.72 इंच, शुजालपुर में 12.75 इंच, कालापीपल में 12.36 इंच, गुलाना में 12.67 इंच, पोलायकलां में 13.79 इंच और अवंतीपुर बड़ोदिया में 12.59 इंच वर्षा दर्ज की गई है. हालांकि जिले में औसत वर्षा का आंकड़ा संतोषजनक दिख रहा है, लेकिन पिछले कई दिनों से अच्छी बारिश न होने के कारण खेतों की नमी कम होने लगी है. किसान और स्थानीय रहवासी अब सावन की झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

31 के पार पहुंचा तापमान

मौसम के इन दिनों हाल ये हैं कि आसमान पर बादल तो छा रहे हैं, लेकिन बरस नहीं रहे हैं. रविवार को भी दोपहर में आसमान पर काले बादल छाए हुए थे ओर दिन में ही अंधेरा छा गया था. लगा था कि तेज बारिश होगी, लेकिन रिमझिम बारिश के बाद मौसम फिर साफ हो गया और लोगों का उमस से बुरा हाल होने लगा. अधिकतम तापमान भी 31.6 व न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री तक पहुंच गया.

Next Post

सावन के पहले सोमवार को शिवालय में लगेगा भक्तों का तांता

Sun Aug 2 , 2026
रीवा,  सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को है, सोमवार तडक़े चार बजे से ही भगवान शिव के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगेगी.सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे. बड़ी संख्या में श्रद्धालु सावन सोमवार का व्रत भी रखेंगे. मंदिरों में महाआरती, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, शिव […]

You May Like