
दमोह। देहात थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ निवासी 40 वर्षीय करन सिंह लोधी ने रविवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोपहर में परिजन पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव लेकर घर पहुंचे तो सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने मोहल्ले के ही गोलू रैकवार पर मृतक की पत्नी को भगा ले जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चार दिन पहले इस मामले की शिकायत दर्ज कराने गए थे,लेकिन पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। इसी के चलते करण ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। करीब 1 घंटे तक हाइवे पर जाम के हालात बने रहे। देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय सहित पुलिस और नायब तहसीलदार के द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन माने और सड़क से जाम हटा दिया।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय करन सिंह लोधी ने घर के नजदीक ही रविवार सुबह पेड़ पर फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
परिजनों ने जैसे ही शव देखा तत्काल ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दमोह भिजवाया।
पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजन शव लेकर नरसिंहगढ़ पहुंचे और बस स्टैंड पर शव रख कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे दमोह छतरपुर हाईवे पर जाम लग गया।
मृतक के भांजे गोविंद लोधी ने बताया कि गोलू रैकवार मामी सीमा को 25 जुलाई को भगाकर ले गया था। मामा थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने शिकायत नहीं लिखी। वह काफी तनाव में थे और उसी के चलते उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
गोलू रैकवार ने मामा को जान से मारने की धमकी दी थी। गोलू के पिता भी घर पर आए थे वह मामा परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर चले गए थे।
हम लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने हमारी शिकायत दर्ज नहीं की। काफी देर हंगामा चलता रहा जिसके बाद देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के साथ नायब तहसीलदार कोमल सिंह मौके पर पहुंचे परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर दोपहर साढ़े तीन बजे जाम खुलवाया।
देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया की करण सिंह लोधी ने रविवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिवार के लोगों ने गोलू रैकवार, बालचंद रैकवार पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं।
मृतक की पत्नी 25 जुलाई को घर से भाग गई थी जिसकी गुमशुदगी भी दर्ज है।
आत्महत्या मामले में मर्ग कायम कर मामले में जांच की जा रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
