सागर: जिले के सुरखी थाना क्षेत्र के बनांद गांव में कार और ओमनी वैन के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में सात लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 ने तत्काल सुरखी थाना क्षेत्र में तैनात एफआरवी (FRV) वाहन को मौके के लिए रवाना किया।
डायल-112 के आरक्षक दीपक जैन और पायलट संदीप सिंह दांगी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस जवानों ने सभी घायलों को एफआरवी वाहन की मदद से शासकीय जिला चिकित्सालय, सागर पहुंचाकर भर्ती कराया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
